मिश्र धातु निगम लिमिटेड

एक सार्वजनिक क्षेत्र का उद्यम

CIN L14292TG1973GOl001660

रक्षा मंत्रालय के अधीन मिनीरत्न श्रेणी-I सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानि) ने पहली बार देश में रक्षा अनुप्रयोगों के लिए आर्मर ग्रेड एल्युमिनियम मिश्रधातु वाइड प्लेट्स का स्वदेशी उत्पादन कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

मिधानि के अत्याधुनिक वाइड प्लेट मिल में विकसित यह उपलब्धि उच्च शक्ति वाली 7XXX श्रृंखला एल्युमिनियम मिश्रधातु प्लेटों के स्वदेशी प्रसंस्करण की क्षमता को प्रदर्शित करती है। इससे पूर्व 2XXX श्रृंखला की वाइड एल्युमिनियम मिश्रधातु प्लेटों के सफल विकास के साथ मिधानि देश का पहला संगठन बन गया है जिसने रणनीतिक रक्षा अनुप्रयोगों के लिए हार्ड एल्युमिनियम मिश्रधातु वाइड प्लेट्स के फोर्जिंग एवं रोलिंग की स्वदेशी क्षमता विकसित की है।

यह उपलब्धि रक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण सामग्रियों के आयात पर निर्भरता कम करने, आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सुदृढ़ करने तथा उन्नत विशेष धातुओं एवं मिश्रधातुओं के क्षेत्र में मिधानि की तकनीकी उत्कृष्टता और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।