मिश्र धातु निगम लिमिटेड

एक सार्वजनिक क्षेत्र का उद्यम

CIN L14292TG1973GOl001660

रक्षा मंत्रालय के अधीन भारत सरकार के उपक्रम मिश्रा धातु निगम लिमिटेड (मिधानि) ने 15 जुलाई 2026 को हैदराबाद में “धातुकर्म उद्योग की एआई यात्रा हेतु डेटा स्ट्रेटेजी (Data Strategy for Metallurgical Industry’s AI Journey)” विषय पर एक एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला में सरकार, शिक्षाजगत, उद्योग तथा रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने भाग लेकर धातुकर्म एवं विनिर्माण क्षेत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा विश्लेषण तथा डिजिटल प्रौद्योगिकियों की परिवर्तनकारी भूमिका पर विचार-विमर्श किया।

कार्यशाला का उद्घाटन मिधानि के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. एस. वी. एस. नारायण मूर्ति द्वारा किया गया। तेलंगाना सरकार के आयुक्त (इलेक्ट्रॉनिक्स सर्विस डिलीवरी) श्री टी. रवि किरण, आईएफओएस ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर मिधानि की निदेशक (वित्त) श्रीमती के. मधुबाला, निदेशक (उत्पादन एवं विपणन) श्री पी. बाबू तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्रीमती स्पूर्ति रेड्डी, आईआरएस भी उपस्थित थीं।

कार्यक्रम के अंतर्गत गूगल इंडिया, आईआईटी मद्रास, आईआईटी बॉम्बे, रक्षा धातुकर्म अनुसंधान प्रयोगशाला (डीएमआरएल) तथा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के विशेषज्ञों द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डेटा विश्लेषण, ऊर्जा-कुशल एवं सुरक्षित एआई रणनीतियाँ, सामग्री एवं विनिर्माण नवाचार हेतु एआई एवं मशीन लर्निंग प्रोटोकॉल, रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों में एआई कार्यान्वयन रणनीतियों तथा उन्नत धातुकर्म अनुप्रयोगों हेतु डेटा-आधारित उपकरणों सहित विभिन्न विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए।

“कोर धातुकर्म उद्योगों में एआई” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में विनिर्माण पारितंत्र में उत्पादकता, गुणवत्ता, परिचालन दक्षता एवं नवाचार को बढ़ाने हेतु एआई के प्रभावी उपयोग पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया।
मिधानि की यह पहल उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने तथा एक सुदृढ़ डेटा-संचालित कार्य-संस्कृति के विकास के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है, जो भारत की सामरिक धातुकर्म क्षमताओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

“डेटा से खोज तक, नवाचार से प्रभाव तक।”
यह कथन कार्यशाला की भावना को सार्थक रूप से अभिव्यक्त करता है तथा डेटा को उपयोगी अंतर्दृष्टियों एवं नवाचार को राष्ट्रीय प्रभाव में रूपांतरित करने के मिधानि के संकल्प को सुदृढ़ करता है।