मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानि) में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का आयोजन “लंबी आयु के लिए योग “ थीम के साथ उत्साहपूर्वक किया गया।
योग दिवस समारोह के उपलक्ष्य में 17 जून, 2026 को “कार्यालय में योग : कार्यस्थल पर स्वास्थ्य एवं कल्याण का समावेश” विषय पर एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रख्यात प्रेरक वक्ता एवं योग विशेषज्ञ डॉ. तेजस्विनी मोनोग्ना ने कर्मचारियों को दैनिक जीवन एवं कार्यस्थल पर योग अपनाने के व्यावहारिक उपाय बताते हुए शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा कार्यक्षमता में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. एस.वी.एस. नारायण मूर्ति, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, मिधानि ने योग को समग्र स्वास्थ्य एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए कर्मचारियों से इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
21 जून, 2026 को आयोजित सामूहिक योगाभ्यास सत्र का संचालन अंतरराष्ट्रीय प्रमाणित योग प्रशिक्षक श्रीमती रितिका गुप्ता ने किया तथा श्री राजीव कुमार (हेल्थ हीलर) सह-प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री पी. बाबू, निदेशक (उत्पादन एवं विपणन) ने व्यक्तिगत स्वास्थ्य को संगठन, परिवार और राष्ट्र की प्रगति का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने का संदेश दिया।
मिधानि के कर्मचारियों ने आयुष मंत्रालय एवं Habuild द्वारा आयोजित “Promise of Yoga365” अभियान के अंतर्गत गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड योग कार्यक्रम में भी सक्रिय सहभागिता निभाई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मिधानि ने कर्मचारी कल्याण, समग्र स्वास्थ्य एवं स्वस्थ कार्य संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया।
